देश में 175 करोड़ से अधिक लोगों का हुआ टीकाकरण

285

भारत में शनिवार को कोविड महामारी के खिलाफ 175 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात की जानकारी देते हुए शनिवार को कहा कि पिछले 24 घंटों में 36.28 लाख से अधिक कोविड-19 वैक्सीन खुराक देने के साथ, भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 175.03 करोड़ से अधिक हो गया है।

मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में टीकाकरण की 36,28,578 खुराक के साथ भारत का टीकाकरण कवरेज 1,75,03,86,834 से अधिक हो गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शनिवार को एक ट्वीट कर कहा, नया भारत, नया रिकॉर्ड। भारत ने टीकों की 175 करोड़ से अधिक खुराक देने के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर लिया है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान हर दिन नई ऊंचाइयों को छू रहा है और नई उपलब्धि हासिल कर रहा है।

अब तक दी गई कुल खुराक में से 1,04,00,492 स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों ने पहली खुराक प्राप्त की और 99,49,833 को दूसरी खुराक मिली। स्वास्थ्य कर्मियों को अब तक कुल 40,22,962 बूस्टर खुराकें भी दी जा चुकी हैं।

कुल 1,84,07,428 फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली खुराक दी गई है। दूसरी खुराक के रूप में 1,74,11,477 वैक्सीन की खुराक दी गई और फ्रंट लाइन वर्कर्स को 57,83,690 बूस्टर खुराक दी गई है।