समाज को खोखला बना रहे हैं कुछ अराजक तत्व: मुख्यमंत्री योगी

184

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के मौके पर कहा कि राम और रावण का युद्ध तो हर युग में निरंतर चलता आ रहा है। कभी अधर्म के रूप में, कभी रावण के रूप में और कभी कंस, दुर्योधन, आतंकवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार के रूप में पैदा होती हैं। यह सभी राक्षसी प्रवृत्तियां हैं जो समाज को खोखला बना रही हैं और अराजकता को बढ़ावा दे रही हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को विजयादशमी की भव्य शोभा यात्रा के बाद रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व सनातन हिंदू धर्म को सदैव सत्य, न्याय और धर्म के पर्थ पर चलने की प्रेरणा देता है। सम और विषम कोई भी परिस्थिति हो। हम गलत मार्ग पर नहीं चलेंगे। सत्य का आचरण करेंगे। न्याय के पथ पर चलेंगे, धर्म के पथ पर चलेंगे। विजय हमारी अवश्य होगी। विजयादशमी इस बात का हजारों वर्षों से हमें अहसास करा रही है।

उन्होंने कहा कि हमारे यहां कहा गया है कि रामो विग्रहवान धर्म: यानि धर्म की अगर को परिभाषा है और उसे किसी छोटी सी परिभाषा में सीमित करना हो, धर्म के बारे में जानना है, तो भगवान राम के चरित्र के बारे में जान लो।