कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में शून्य से नीचे पहुंचा पारा

131

कश्मीर घाटी के अधिकतर हिस्सों में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने इस महीने के अंत तक मौसम के शुष्क रहने और सर्द रातें होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी एक अनुसार दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग को छोड़कर समूची घाटी में मंगलवार की रात पारा शून्य से नीचे पहुंच गया। वहीं, श्रीनगर में भी पहली बार रात को तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार रात को शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम था।

उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग में तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया जबकि पहलगाम में पारा शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि द्रास में शून्य से 13.5 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया।