यूपी में पांच साल में लगेंगे 175 करोड़ पौधे, इस वर्ष का लक्ष्य 35 करोड़

484

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में भी प्रदेश को हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए प्राथमिकता दे रही है। ऐसे में सरकार ने अगले पांच साल में 175 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, वहीं इस साल 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।

स्टेट ऑफ फारेस्ट रिपोर्ट 2021 के अनुसार, यूपी के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल के 9.23 फीसद हिस्से में वनावरण है। 2013 में यह 8.82 फीसद था। रिपोर्ट के अनुसार 2019 के दौरान कुल वनावरण एवं वृक्षावरण में 91 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। वर्ष 2030 तक सरकार ने इसे बढ़ाकर 15 फीसद करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए अगले पांच साल में 175 करोड़ पौधों को लगाने का लक्ष्य तय किया है। इस साल वर्षा काल में पौधरोपण के लिए 35 करोड़ का लक्ष्य रखा है।

योगी सरकार-1.0 से ही वर्षाकाल में सघन पौधरोपण करा रही है। नतीजतन, 2017-18 से 2021-2022 के दौरान सरकार के प्रयास से 101.49 करोड़ पौधरोपण हो चुका है। 2022-23 का लक्ष्य 35 करोड़ पौधरोपण का है।

सरकार की योजना है कि वर्षा काल में जो पौधरोपण हो, वह संबंधित क्षेत्र के एग्रोक्लाइमेट जोन (कृषि जलवायु क्षेत्र) के अनुसार हो। अलग-अलग जिलों के लिए चिन्हित 29 प्रजातियों और 943 विरासत वृक्षों को केंद्र में रखकर पौधरोपण का अभियान चलेगा। इसमें राष्ट्रीय वृक्ष बरगद के साथ देशज पौधे पीपल, पाकड़, नीम, बेल, आंवला, आम, कटहल और सहजन जैसे औषधीय पौधों को वरीयता दी जाएगी।