International Womens Day पर राष्ट्रपति 29 उत्कृष्ट महिलाओं को देंगे नारी शक्ति पुरस्कार

451

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का सप्ताह भर चलने वाला कार्यक्रम 1 मार्च से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से दिल्ली में शुरू किया गया था। अब सप्ताह भर चले कार्यक्रम की परिणति 8 मार्च, 2022 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद वर्ष 2020 और 2021 के लिए नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।

गौरतलब है कि साल 2020 का पुरस्कार समारोह 2021 में कोविड-19 महामारी के कारण आयोजित नहीं किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी भी पुरस्कार विजेताओं के साथ उनके प्रयासों की सराहना करने और जनता को महिला सशक्तिकरण से संबंधित क्षेत्रों में काम करने और उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने के लिए एक संवाद सत्र भी करेंगे।

कुल मिलाकर, 28 पुरस्कार 29 महिलाओं को विशेष रूप से कमजोर और हाशिए की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में विशिष्ट सेवाएं प्रदान करने में उनके असाधारण कार्य के लिए प्रदान किए जाएंगे।

साल 2020 के नारी शक्ति पुरस्कार अनीता गुप्ता, उषा बेन दिनेशभाई वसाव, नसीरा अख्तरी, संध्या धारी, निवृति राय, टिफनी ब्रारो, पद्मा यांगचान, जोधैया बाई बैगा, सायली नंदकिशोर अगवने, वनिता जगदेव बोराडे, मीरा ठाकुर, जया मुथु और तेजम्मा, इला लोध, आरती राणा को दिया जायेगा।

साल 2021 के लिए पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिलाओं में सथुपति प्रसन्ना, तागे रीता ताखे, मधुलिका रामटेके, निरंजनाबेन मुकुलभाई कलारथी, पूजा शर्मा, अंशुल मल्होत्रा, शोभा गस्ती, राधिका मेनन, कमल कुंभारी, श्रुति महापात्र, बटूल बेगम, थारा रंगास्वामी, नीरजा माधवी और नीना गुप्ता शामिल हैं।