कई मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण रखते हैं यूरोपीय संघ और भारत: राष्ट्रपति कोविंद

674

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उसुर्ला वॉन डेर लेयन ने सोमवार को भारतीय राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर एक दृष्टिकोण साझा करते हैं, जिसमें सुधार और प्रभावी बहुपक्षवाद पर आधारित एक अंतर्राष्ट्रीय नियम-आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता भी शामिल है।

भारत में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ दो सबसे जीवंत लोकतंत्र हैं, दो सबसे बड़ी मुक्त बाजार की अर्थव्यवस्थाएं व बहुलतावादी समाज हैं।

भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक एवं निवेश संबंधों के बारे में राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोपीय संघ विभिन्न वस्तुओं के मामले में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझीदार है और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के सबसे महत्वपूर्ण स्रोतों में से एक है।

उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता भारत और यूरोपीय संघ के बीच के आर्थिक संबंधों की पूरी क्षमता को सामने लाएगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि मुक्त बाजार की अर्थव्यवस्था और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत और यूरोपीय संघ जैसे समान विचारधारा वाले देशों के लिए अपने आर्थिक जुड़ाव को और अधिक गहरा करना आवश्यक है।