यूपी के पूर्व मंत्री केपी यादव का डेंगू से निधन

273

पूर्व मंत्री और जौनपुर से समाजवादी पार्टी के नेता के पी यादव का 62 वर्ष में लखनऊ में डेंगू शॉक सिंड्रोम से निधन हो गया। उन्हे गंभीर हालत में सोमवार देर रात मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मेदांता के निदेशक डॉ राकेश कपूर ने पुष्टि करते हुए बताया कि केपी यादव की डेंगू शॉक सिंड्रोम नामक स्थिति से मृत्यु हो गई। उन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था,उन्हें तुरंत वेंटिलेटर समर्थन पर ले जाया गया लेकिन मंगलवार को उन्होने आखिरी सांस ली।

यादव को जौनपुर में डेंगू हो गया था और शहर में ही उनका इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ शिफ्ट कर दिया गया था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

अखिलेश ने कहा कि केपी यादव सपा के मेहनती और सम्मानित सदस्य थे। उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। यादव सपा सरकार के तहत गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष भी थे।