ओलंपिक महिला हॉकी में भारत ने द. अफ्रीका को 4-3 से हराया

578

भारतीय महिला हॉकी टीम ने वंदना कटारिया की शानदार हैट्रिक के चलते शनिवार को खेले गए अपने अंतिम ग्रुप मैच में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराकर नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदों को कायम रखा है।

वंदना ने भारत के लिए चौथे, 17वें और 49वें मिनट में गोल किए। भारत के लिए चौथा गोल नेहा ने 32वें मिनट में किया। ग्रुप-ए में दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार पांचवीं हार है। भारत को पांच मैचों में दूसरी जीत मिली है। शुरुआती तीन मुकाबले गंवाने के बाद भारत ने दो मैच जीते हैं।

अब भारत को ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच होने वाले मुकाबले का इंतजार है। ब्रिटेन के हाथों आयरलैंड की हार भारत को आगे ले जाएगी। और अगर आयरलैंड जीत जाता है तो भारत बाहर हो जाएगा क्योंकि तब आयरलैंड अंकों के मामले में भारत की बराबरी पर आ जाएगा और गोल डिफरेंस के मामले में आगे निकल जाएगा।

प्रत्येक ग्रुप से चार-चार टीमों को नॉकआउट में जाना है। अभी भारत के पांच मैचों से छह अंक हैं। उसका गोल डिफरेंस -7 है। इस ग्रुप से आस्ट्रेलिया, जर्मनी और ब्रिटेन पहले ही नॉकआउट में पहुंच चुके हैं। एक स्थान बचा है, जिसके लिए भारत को आयरलैंड के बीच घमासान है।

मैच का पहला गोल भारत की वंदना ने चौथे मिनट में किया। उत्तराखंड निवासी वंदना ने एक बेहतरीन फील्ड गोल के माध्यम से भारत को 1-0 से आगे किया। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने वापसी के लिए जोर लगाया और उसे 15वें मिनट में सफलता मिल भी गई। टैरीन क्रिस्टी ग्लेसबाई ने एक बेहतरीन फील्ड गोल के माध्यम से स्कोर 1-1 कर दिया।

इसके दो मिनट बाद वंदना ने एक और गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। वंदना ने यह गोल पेनाल्टी कार्नर पर किया। 30वें मिनट में कप्तान एरिन हंटर ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर स्कोर एक बार फिर 2-2 कर दिया।