मप्र में बारिश का दौर फिर शुरू होने के आसार

308

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार की सुबह से बादल छाए हुए हैं और हवाएं चल रही हैं। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य के बड़े हिस्से में बीते दो दिनों से बारिश और बौछारें पड़ने का दौर थमा हुआ है, जिससे बीते 24 घंटों के दौरान उमस का असर महसूस किया गया। हालांकि, शुक्रवार की सुबह से आसमान पर बादलों का डेरा है और हवाओं के चलने से उमस का असर कम हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दवाब का क्षेत्र झारखंड तक आ गया है, जिससे आगामी 24 घंटों में राज्य के पूर्वी हिस्से और बाद में पश्चिमी हिस्से में बौछारें पड़ने का दौर शुरू होने की संभावना बनी हुई है।

राज्य के तापमान में बदलाव का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री, इंदौर का 23 डिग्री, ग्वालियर का 24.5 डिग्री और जबलपुर का 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, इंदौर का 29.8 डिग्री, ग्वालियर का 34.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।