नटवर सिंह बोले: कोई गांधी नहीं बना अध्यक्ष तो 24 घंटे में टूट जाएगी पार्टी

416

बीते कुछ समय से कांग्रेस में नए अध्यक्ष की तलाश हो रही । राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद से पार्टी में अभी तक नए लीडर को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है। वहीं पार्टी के सीनियर लीडर और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने प्रियंका गांधी को अगला अध्यक्ष बनाने की बात कही। उनका कहना है कि प्रियंका में पार्टी अध्यक्ष बनने के सारे गुण हैं और अगर गांधी परिवार से इतर कोई अध्यक्ष बनता है तो फिर पार्टी 24 घंटे के अंदर ही टूट जाएगी।  

नटवर सिंह का कहना है कि, ‘राहुल गांधी ने कहा है कि गांधी परिवार से अब कोई पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनेगा, लेकिन उन्हें अब अपना फैसला बदलना होगा। मेरा मानना है कि ये ज़िम्मेदारी सिर्फ गांधी परिवार ही निभा सकता है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो फिर पार्टी 24 घंटे में टूट जाएगी।’  
 

प्रियंका गांधी के धरने का भी ज़िक्र करते हुए नटवर सिंह ने कहा, ‘आपने देखा कि किस तरह वो उत्तर प्रदेश के एक गांव में धरने पर डटी रहीं.’ बता दें कि प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हुए नरसंहार के विरोध में धरना दिया था। इसके चलते उन्हें पुलिस ने हिरासत में भी लिया था।