कर्नाटक: भाजपा विधायकों के बहिर्गमन के बाद कुमारस्वामी ने जीता विश्वासमत

696

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के सदन से बहिर्गमन के बीच विधानसभा में विश्वासमत जीत लिया। कुमारस्वामी को यह मौका कांग्रेस की पहल पर सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप से मिला है। इससे पत्रकार गौरी लंकेश की आत्मा को जरूर शांति मिली होगी। यह एक तरह से पत्रकार बिरादरी की भी जीत है।

भाजपा के एक नेता ने कहा, “विपक्ष के नेता बी.एस.येदियुरप्पा द्वारा सदन में जेडीएस व कांग्रेस के अनैतिक गठबंधन के खिलाफ संबोधन के बाद हमारे सभी 104 सदस्य विधानसभा से बाहर चले गए।”

कांग्रेस के रमेश कुमार कर्नाटक विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

कांग्रेस विधायक के.आर. रमेश कुमार को शुक्रवार को कर्नाटक विधानसभा का निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। प्रोटेम अध्यक्ष के.जी बोपैया ने इसकी घोषणा की। कांग्रेस विधायी दल के नेता सिद्धारमैया ने अध्यक्ष पद के लिए रमेश कुमार का नाम प्रस्तावित किया, जिसे उपमुख्यमंत्री जी.परमेश्वर ने समर्थन दिया।

भारतीय जनता पार्टी के के वरिष्ठ विधायक एस. सुरेश कुमार ने विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद रमेश कुमार को निर्विरोध चुन लिया गया।

रमेश कुमार (68) छह बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने हाल ही में कोलार जिले के श्रीनिवासपुर से चुनाव जीता था। रमेस कुमार दूसरी बार विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। वह इससे पहले जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) नेता एच.डी देवेगौड़ा के मुख्यमंत्री काल (1994-96) में भी इस पद पर रह चुके हैं।